
राजगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम गादिया जोड़ के नजदीक जिओ पेट्रोलपंप के सामने सोमवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की। पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित ग्राम गादिया जोड़ के नजदीक जिओ पेट्रोलपंप के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 60 वर्षीय अमरसिंह पुत्र देवीलाल सुमन निवासी गादिया हाल बाराद्वारी नरसिंहगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि व्यक्ति बिजली कंपनी के ठेकेदार के जहां मजदूरी का कार्य करता था, जो सुबह गादिया से अपने घर बाराद्वारी नरसिंहगढ़ जा रहा था तभी हाइवे पर हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे अमन सुमन की रिपोर्ट पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

