अंधे कत्ल का खुलासा, 3 गिरफ्तार

NFA@0298
3 Min Read


अंधे कत्ल का खुलासा, 3 गिरफ्तार


27-Mar-2026 1:33 PM

रानीदहरा जलप्रपात के पास मिली थी महिला की लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 27 मार्च। कबीरधाम जिले में रानीदहरा जलप्रपात के पास मिली एक अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को रानीदहरा जलप्रपात के समीप एक महिला का शव मिलने की सूचना पर थाना बोड़ला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभ में मृतका की पहचान अज्ञात थी।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान दो दिनों के भीतर मृतका की पहचान मुंगेली जिले की निवासी के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और क्षेत्रीय पूछताछ के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी देवेन्द्र प्रसाद जायसवाल को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया गया और उसे कबीरधाम लाया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने पिता केशव प्रसाद जायसवाल और एक अन्य व्यक्ति मनोज पटेल के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतिका के साथ आरोपी का प्रेम संबंध था। समाज में बदनामी के भय से आरोपियों द्वारा सुनियोजित षड्यंत्र रचकर महिला को रानीदहरा जलप्रपात ले जाकर पत्थर से हमला कर हत्या की गई तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झरने में फेंक दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कथन के आधार पर घटनास्थल पर घटना की पुनर्रचना (रीक्रिएशन) कराई गई और मामले से संबंधित कुछ साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।

मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



Source link

Share This Article
Leave a Comment