छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां VIP मूवमेंट की जल्दबाजी ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बस्तर थाना क्षेत्र के बालेंगा पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ, जिसने लापरवाही और तेज रफ्तार की गंभीर तस्वीर उजागर कर दी।
जानकारी के अनुसार, काफिले की फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही थी। काफिला कवर करने की जल्दबाजी में फॉलो गाड़ी काफी पीछे छूट गई थी, जिसके चलते चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाया। इसी दौरान उसने सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा और सामने से आ रहे ट्रक में जा फंसा। अस्पताल ले जाते समय उसने भी दम तोड़ दिया।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गाड़ी की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।




