T20 World Cup में भारत ने रचा इतिहास

NFA@0298
4 Min Read


खेल डेस्क। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके पहले 2024 में टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। साथ ही भारत ने अपनी मेजबानी में और लगातार तीसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय ओपनर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर दिया।

भारत ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 92 रन बनाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी है।

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया।

T20 World Cup

संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी इस पारी में कई चौके-छक्के शामिल रहे। इसी के साथ सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स का 85 रन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए। वहीं आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोककर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया।

न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही फिन एलन, रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स के विकेट गंवा दिए।

टिम साइफर्ट ने 52 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। डेरिल मिचेल 17, मार्क चापमन 3 और अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।

भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। हार्दिक पंड्या को 2 विकेट मिले, जबकि जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया।

फाइनल मुकाबले को देखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम में हजारों दर्शकों के बीच उन्होंने मैच का रोमांच देखा और भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया।

गौरतलब है कि इससे पहले 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भी अहमदाबाद का यही स्टेडियम चर्चा में रहा था, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था। उस मैच को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद स्टेडियम पहुंचे थे।

इस बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।



Source link

Share This Article
Leave a Comment