शालीमार बाग से भाजपा विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ली। कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम भी मौजूद हैं।
रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्री भी शपथ ले रहे हैं। इसमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर विश्वास दिखाने के लिए मैं पीएम मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’
दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास का नाम शीशमहल भाजपा ने रखा था। इसे अरविंद केजरीवाल ने बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने नियमों की अनदेखी कर इसे बनवाने में करोड़ों रुपये खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था।
एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, Rekha Gupta New CM Delhi रेखा गुप्ता के अलावा छह नवनिर्वाचित विधायक – प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज नए मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। वर्मा ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को नयी दिल्ली सीट से हराया था।
पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक दिल्ली सचिवालय में अपराह्न करीब तीन बजे होने की संभावना है और इस बैठक में महिला समृद्धि योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू किया जा सकता है। महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भुगतान किया जाएगा।
भाजपा ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीट जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया। भाजपा ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी।
पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से घनिष्ठ संबंध हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री होंगी। शपथ ग्रहण के बाद, वह वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी।