[ad_1]
Education Ministry Building Fire : 1 जून सोमवार को दिल्ली के ITO इलाके में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की इमारत में सुबह शिक्षा मंत्रालय के कार्यालयों वाली दूसरी मंजिल पर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि गनीमत रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय के कई महत्वपूर्ण कार्यालय और फैकल्टी रूम स्थित हैं। फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तेज हवा के कारण आग कुछ कमरों में तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों ने स्काई लिफ्ट का इस्तेमाल कर बालकनी से पानी की बौछार की और करीब 50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में AC यूनिट में स्पार्किंग को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने से पहले AC यूनिट से धुआं निकल रहा था और स्पार्किंग हो रही थी, जिसके बाद अचानक लपटें उठने लगीं। हालांकि आग की असली वजह की पुष्टि अभी बाकी है। फायर विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
आग लगने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने आग लगने के समय पर सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों ने लिखा है कि ‘शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर में अचानक आग लगना संदिग्ध है’। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘शिक्षा मंत्रालय के कार्यालयों में आग लगने की खबर बेहद चिंताजनक है। यह मामला कुछ संदिग्ध भी लगता है।’ कांग्रेस नेता बीवी श्रीनिवास ने इसपर कहा, ‘स्कैम के कागज जलना शुरू हो चुके हैं।’
[embed]https://www.youtube.com/watch?v=n8GA4kwJWZ8[/embed]
सोशल मीडिया में लोगों ने लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के घोटालेबाजों ने शिक्षा मंत्रालय की इमारत में आग लगवा कर पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के सबूतों को मिटाने की कोशिश शुरू कर दी है। जब करोड़ों छात्रों का भविष्य इन घोटालों की वजह से बर्बाद हो रहा है, तब अचानक शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर वाली बिल्डिंग में आग लग जाना संदिग्ध से भी आगे है। यह आग केवल इमारत की दीवारों को नहीं जला रही, बल्कि उन दस्तावेजों और सबूतों को भी राख करने की साजिश है, जिनसे घोटालों की पोल खुल सकती थी।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दोपहर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की… सीबीएसई, नीट समेत अन्य परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों और पेपर लीक को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। साफ है कि जब जवाबदेही का समय आया तो सबूत मिटाने का खेल शुरू कर दिया गया। यह आग केवल इमारत में नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य और सच्चाई को जलाने की साजिश है।’
स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की स्थापना 1941 में हुई थी। वर्ष 2008 में इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया गया। यह आर्किटेक्चर, अर्बन प्लानिंग, डिजाइन और हाउसिंग जैसे विषयों में देश के शीर्ष संस्थानों में गिना जाता है। दिल्ली के अलावा इसके कैंपस भोपाल और विजयवाड़ा में भी हैं। ITO स्थित इस परिसर में शैक्षणिक विभागों के साथ शिक्षा मंत्रालय के कुछ कार्यालय भी संचालित होते हैं।
अभी तक आग से कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। फायर विभाग और पुलिस दोनों ही आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
[ad_2]
Source link