खैरागढ़ जिले के घाघरा बटालियन कैंप में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान की उसी कैंप में तैनात दूसरे जवान ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी था। वह खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन कैंप में पदस्थ था। घटना के समय सोनवीर गहरी नींद में सो रहा था, तभी आरोपी जवान ने मौका पाकर उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जवान की पहचान अरविंद गौतम के रूप में हुई है, जो उसी कैंप में तैनात था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




