Abu dhabi में यात्रा प्रतिबंध के कारण टूरिस्ट होटल में ही ठहरेंगे, खर्च टूरिज्म विभाग करेगा वहन

NFA@0298
3 Min Read


लेंस इंटरनेशनल डेस्क। अबू धाबी (Abu dhabi) के संस्कृति और पर्यटन विभाग (DCT) ने सभी होटल के मैनेजमेंट को निर्देश जारी कर यात्रा प्रतिबंधों के चलते फंसे मेहमानों का ठहराव बढ़ाने को कहा है। विभाग ने 28 फरवरी 2026 को इस संबंध में आधिकारिक परिपत्र जारी किया।

जारी पत्र के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में कुछ मेहमान अपने निर्धारित चेक-आउट की तिथि पर होटल छोड़ने में असमर्थ हैं, क्योंकि वे अपने नियंत्रण से बाहर कारणों से यात्रा नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे मामलों में होटलों से अनुरोध किया गया है कि वे संबंधित मेहमानों का ठहराव तब तक बढ़ाएं, जब तक वे सुरक्षित रूप से प्रस्थान करने में सक्षम न हो जाएं।

DCT अबू धाबी ने स्पष्ट किया है कि बढ़ाए गए ठहराव का खर्च विभाग खुद वहन करेगा। सभी संबंधित बिल और चालान विभाग के ई-मेल पते पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिक जानकारी या सहायता के लिए होटल प्रबंधन को बिजनेस कंटिन्यूटी टीम से संपर्क करने को कहा गया है। विभाग ने यह कदम पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है।

DCT अबू धाबी ने होटलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस संक्रमणकालीन स्थिति में मेहमानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एयरस्पेस बंद होने के बीच कतर एयरवेज और हमाद एयरपोर्ट की सराहना

एयरस्पेस बंद होने की स्थिति में फंसे यात्रियों ने कतर एयरवेज और हमाद एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की है। यात्रियों के अनुसार, एयरपोर्ट पर सभी को फूड कोर्ट में उपयोग के लिए भोजन कूपन वितरित किए गए, जिससे नाश्ता, दोपहर और रात के खाने की सुविधा सुनिश्चित की गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात एयरपोर्ट को एहतियातन खाली कराया गया। लाउंज में ठहरे यात्रियों को रात करीब 12:30 बजे ट्रांसफर डेस्क पर शिफ्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई। यात्रियों ने बताया कि स्टाफ ने मुस्कुराते हुए हर सवाल का जवाब दिया और सभी को सुरक्षित व सहज महसूस कराया।

फंसे हुए यात्रियों के ठहरने के लिए दोहा शहर के विभिन्न पांच सितारा होटलों में कमरे उपलब्ध कराए गए, जहां नाश्ता, लंच और डिनर की व्यवस्था भी की गई है।





Source link

Share This Article
Leave a Comment