
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के SECL चरचा कॉलरी क्षेत्र स्थित चाइना ब्लॉक में रविवार रात हुए गैस सिलेंडर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9:30 बजे चाइना ब्लॉक स्थित एक क्वार्टर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट की गूंज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन विस्फोट की चपेट में आए डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन को नहीं बचाया जा सका। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट मानी जा रही है, हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और फोरेंसिक व तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी मामले की पड़ताल में जुट गई है।
वहीं, एसईसीएल प्रबंधन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।


