
मुंबई। CricketNews इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिलाड़ियों के साथ घूम रहे गैर-अधिकृत लोगों पर अब BCCI सख्त एक्शन लेने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड जल्द नई एडवाइजरी जारी कर टीम होटल, ड्रेसिंग रूम, टीम बस और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में सिर्फ अधिकृत लोगों को ही एंट्री देने का नियम लागू कर सकता है। माना जा रहा है कि इस फैसले के बाद खिलाड़ियों की कथित गर्लफ्रेंड्स, करीबी दोस्तों और निजी लोगों की मौजूदगी पर बड़ा असर पड़ेगा।
बीसीसीआई का कहना है कि IPL 2026 के दौरान कई बार ऐसे लोग टीमों के साथ नजर आए, जिनकी आधिकारिक अनुमति नहीं थी। इससे एंटी-करप्शन और सुरक्षा प्रोटोकॉल को खतरा पैदा हो सकता है। बोर्ड अब इसे लेकर किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी इस पर चिंता जताते हुए कहा कि कई गैर-अधिकृत लोग टीम होटल, खिलाड़ियों के कमरों और अधिकारियों के निजी क्षेत्रों तक पहुंच रहे थे, जो पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। उन्होंने साफ कहा कि अब प्रोटोकॉल में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस सीजन सोशल मीडिया और लाइव ब्रॉडकास्ट में कई खिलाड़ियों के साथ उनके करीबी लोगों की मौजूदगी चर्चा में रही। रिपोर्ट्स में हार्दिक पंड्या, यशस्वी जायसवाल, अर्शदीप सिंह और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों के नाम भी सामने आए, जिनके साथ निजी लोग लगातार टीम मूवमेंट और होटल के आसपास देखे गए। हालांकि खिलाड़ियों या फ्रेंचाइजियों की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बीसीसीआई सिर्फ खिलाड़ियों के निजी लोगों से ही नाराज नहीं है, बल्कि कुछ टीम मालिकों और अधिकारियों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए गए हैं। बोर्ड के मुताबिक, कई अधिकारी और मालिक ऐसे क्षेत्रों में खिलाड़ियों के साथ देखे गए जहां उनकी अनुमति नहीं थी।
नई गाइडलाइन लागू होने के बाद टीम होटल में एंट्री सिस्टम और सख्त किया जाएगा। ड्रेसिंग रूम एक्सेस सीमित रहेगा और टीम बस व ट्रैवल मूवमेंट पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सिर्फ अधिकृत स्टाफ और मान्यता प्राप्त लोगों को ही अनुमति मिलेगी।
बीसीसीआई का मानना है कि IPL जैसे हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की सुरक्षा, गोपनीयता और एंटी-करप्शन सिस्टम को मजबूत रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अगर नए नियम पूरी तरह लागू होते हैं, तो आने वाले सीजन में टीमों के साथ खिलाड़ियों के निजी लोगों की मौजूदगी काफी कम देखने को मिल सकती है।



