
Election Result 2026: देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी—में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों ने राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। सबसे बड़ा उलटफेर पश्चिम बंगाल में देखने को मिला, जहां 15 वर्षों से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) को करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 200 से अधिक सीटें जीतकर पहली बार राज्य की सत्ता हासिल कर ली। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार BJP ने 204 सीटों के साथ बहुमत का आंकड़ा पार किया, जबकि TMC महज 83 सीटों पर सिमट गई ।
इस चुनाव का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अपनी भवानीपुर सीट से चुनाव हार गईं। यह हार केवल एक सीट की नहीं, बल्कि डेढ़ दशक लंबे शासन के अंत का संकेत मानी जा रही है। ममता बनर्जी ने 2011 में वामपंथी शासन को समाप्त कर सत्ता संभाली थी और लगातार तीन कार्यकाल तक मुख्यमंत्री रहीं, लेकिन इस बार जनता ने बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया। भाजपा ने बंगाल में आक्रामक रणनीति, मजबूत संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के दम पर TMC के गढ़ को भेद दिया।

तमिलनाडु में भी इस बार चुनावी नतीजों ने सबको चौंका दिया। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 109 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया । दशकों से DMK और AIADMK के बीच सीमित रही राजनीति में अब एक नई ताकत उभरकर सामने आई है। इस परिणाम को तमिलनाडु की राजनीति का सबसे बड़ा परिवर्तन माना जा रहा है, जहां जनता ने पारंपरिक दलों से हटकर नए विकल्प को मौका दिया।
केरल में 10 साल बाद सत्ता परिवर्तन देखने को मिला। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने बहुमत हासिल कर वामपंथी एलडीएफ सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया । केरल की राजनीति में आमतौर पर हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा रही है, लेकिन 2021 में एलडीएफ ने इसे तोड़ा था। इस बार मतदाताओं ने फिर से बदलाव का रुख अपनाते हुए कांग्रेस को सत्ता में वापसी का मौका दिया।
असम में भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में NDA गठबंधन को जनता का भरोसा मिला और विकास के मुद्दे पर मतदाताओं ने फिर से भाजपा के पक्ष में मतदान किया । यह जीत इस बात का संकेत है कि असम में भाजपा की पकड़ मजबूत बनी हुई है और संगठनात्मक स्तर पर पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।
पुडुचेरी में भी NDA गठबंधन ने अपनी सत्ता बरकरार रखी है। मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी के नेतृत्व में गठबंधन ने बहुमत हासिल कर एक बार फिर सरकार बनाने का रास्ता साफ किया । यहां भी मतदाताओं ने स्थिरता और निरंतरता को प्राथमिकता दी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्रीय स्तर पर गठबंधन की रणनीति सफल रही।
इन पांचों राज्यों के नतीजों ने देश की राजनीति को नई दिशा दी है। खासकर पश्चिम बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत और ममता बनर्जी की हार को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। वहीं, तमिलनाडु में नई पार्टी का उभार, केरल में सत्ता परिवर्तन, और असम व पुडुचेरी में NDA की वापसी यह दर्शाती है कि मतदाता अब मुद्दों और प्रदर्शन के आधार पर फैसले ले रहे हैं। आने वाले समय में इन चुनाव परिणामों का असर राष्ट्रीय राजनीति, गठबंधनों और भविष्य की रणनीतियों पर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।



