
मोपका में चाकूबाजी से युवक की हत्या, 2 नाबालिगों सहित 5 गिरफ्तार
04-May-2026 5:44 PM
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 4 मई। सिरगिट्टी-सकर्रा क्षेत्र से लगे मोपका इलाके में 2 मई को आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस की सक्रियता से मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुड़ीपारा, संतोषी चौक निवासी अभय यादव ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका चचेरा भाई ओमप्रकाश यादव एक युवती से परिचित था, जो मोपका स्थित सुरेंद्र गैरेज के सामने रहती है। 1 मई को इसी बात को लेकर ओमप्रकाश और पास में रहने वाले अजीत सूर्यवंशी व उसके साथियों के बीच विवाद हुआ था।
अगले दिन 2 मई की रात करीब 10:30 बजे, मोपका चौक (कलकत्ता स्वीट्स के सामने) पर ओमप्रकाश यादव अपने साथियों अभिषेक यादव, पंकज साहू और अजय साहू के साथ विवाद सुलझाने पहुंचे। बातचीत के दौरान मामला फिर भड़क गया और आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए हमला शुरू कर दिया।
इसी दौरान आरोपी आशीष सूर्यवंशी ने कमर में छिपाकर रखे धारदार चाकू से अभिषेक यादव के गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि ओमप्रकाश यादव को भी गर्दन और हाथ में चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में आशीष सूर्यवंशी (22), महावीर सूर्यवंशी (23) और रघुवीर सूर्यवंशी (26) को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


