रायपुर। CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति भी बनी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पथरिया में 16 सेमी, लोरमी में 11 सेमी, लाभांडी और लालपुर में 10-10 सेमी बारिश हुई। भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 9-9 सेमी, जबकि तखतपुर और बागबाहरा में 8-8 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
इसी तरह डोंगरगढ़, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी और लोहांडीगुड़ा सहित कई स्थानों पर करीब 7 सेमी बारिश हुई। कुरूद, कप्पू, कसडोल, वाड्रफनगर, भिलाई, बेलतरा और घरघोड़ा में भी 6 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रारोड में सबसे कम तापमान
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर में सर्वाधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में मौसमी वर्षा अब तक सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम रही है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मानसून की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जरूरी एहतियात रखने की सलाह दी गई है।







