
रायगढ़। CG NEWS: आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। 30 अप्रैल को साइबर थाना और चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए खरसिया के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 51,000 रुपए नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पहली कार्रवाई डभरा रोड पर की गई, जहां अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके पास से 30,000 रुपए नगद और वनप्लस मोबाइल बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई में मुख्य खाईवाल अंकित अग्रवाल को नवीन स्कूल के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सट्टा संचालन के प्रमाण मिले और 21,000 रुपए नगद जब्त किए गए।

तीसरी कार्रवाई में नरेंद्र राठौर को नया मंगल बाजार क्षेत्र से पकड़ा गया, जो वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया है। तीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


