तिल्दा-नेवरा। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद रानी सौरभ जैन ने अपना जन्मदिन समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाकर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। उनके इस अनोखे प्रयास की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जन्मदिन के एक दिन पहले उन्होंने ग्राम ओटगन स्थित राम मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। इसके बाद केसदा और ओटगन के स्कूलों में नेवता भोज का आयोजन किया गया, जहां स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उन्हें पेन और चॉकलेट वितरित किए गए।

इसके बाद श्रीमती रानी जैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और नवजात शिशुओं की माताओं से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं एवं उपहार भेंट किए। साथ ही कुपोषित बच्चों को खिलौने और अन्य उपहार देकर उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी, नरेंद्र शर्मा, डॉ. एल.पी. साहू, आकाश पंजवानी, दीपक चौथवानी, भाजपा नेता विजय ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष सिन्हा, डॉ. उमा पैकरा, डॉ. शिखा स्वर्णकार, आशीष जेम्स, कैलाश, स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समाजसेवा के साथ जन्मदिन मनाने की इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक बताया।












