‘…स्वयंभू बाबा अशोक खरात का हो सकता है एनकाउंटर’, करीबी की दुर्घटना में मौत पर उठ रहे सवाल

NFA@0298
3 Min Read


लेंस डेस्‍क। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (नाशिक) जिले में समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क दुर्घटना में स्वयंभू बाबा कहे जाने वाले अशोक खरात के करीबी सहयोगी डॉ. जितेंद्र शेलके और उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की मौत हो गई। उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्षी नेताओं ने इसे साधारण दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई है।

कांग्रेस नेता प्रणिति शिंदे ने कहा कि जांच के दौरान सत्ताधारी पक्ष के कई लोगों के नाम सामने आ सकते हैं, इसलिए अशोक खरात का एनकाउंटर किया जा सकता है। उन्होंने सरकार पर महिलाओं के मुद्दों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया।

एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि शेलके की मौत बेहद चौंकाने वाली है। उन्होंने पूछा कि कहीं यह दुर्घटना इसलिए तो नहीं रची गई ताकि खरात के अन्य छिपे हुए गलत काम सामने न आ सकें। उन्होंने इसकी सख्त जांच और खरात की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

शिवसेना (ठाकरे गुट) की नेता सुषमा अंधारे और सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने भी संदेह व्यक्त किया है। अंजली दमानिया ने कहा कि ऐसे कितने ‘घात-अपघात’ देखने पड़ेंगे।

यह दुर्घटना तब हुई जब संभाजीनगर (औरंगाबाद) से शिर्डी की ओर जा रही शेलके की कार ने कोपरगाव-वैजापूर क्षेत्र के धोत्रे गावाजवळ रास्ते पर खड़े कंटेनर (ट्रक) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कंटेनर के नीचे घुस गई, जिससे शेलके दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।

जितेंद्र शेलके शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे और अशोक खरात के बेहद करीबी माने जाते थे। खरात पर महिलाओं के साथ ठगी, यौन शोषण और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में जांच चल रही है। शेलके को इस मामले में महत्वपूर्ण साक्षी भी बताया जा रहा है। खरात की गिरफ्तारी के बाद शेलके पर तनाव की खबरें भी सामने आई थीं।

पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम बुलाई है और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार ने ‘स्लो मूविंग’ या खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मारी थी।

यह मामला अशोक खरात से जुड़े विवादों को नई दिशा दे रहा है, जहां विपक्ष सरकार पर साजिश रचने और जांच प्रभावित करने के आरोप लगा रहा है, जबकि अभी तक आधिकारिक रूप से इसे दुर्घटना ही माना जा रहा है। आगे की जांच से कई तथ्य सामने आने की संभावना है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment