166 दिन चली प्रकिया में दो करोड़ से ज्‍यादा नाम काटे गए, यूपी में अब 13 करोड़ 39 लाख मतदाता

NFA@0298
3 Min Read


लखनऊ। अंतिम सूची जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश में अब कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता रह गए हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में कुल इस सूची के मुताबिक, कुल मतदाताओं में 54.54 प्रतिशत पुरुष और 45.46 प्रतिशत महिला मतदाता हैं। तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,206 है। 18 से 19 वर्ष के आयुवर्ग के युवा मतदाताओं की कुल संख्या 17 लाख 63 हजार 360 है।

27 अक्टूबर 2025 को फ्रीज सूची में प्रदेश में 15.44 करोड़ मतदाता थे। 6 जनवरी 2026 को जारी मसौदा सूची में यह संख्या घटकर 12.55 करोड़ रह गई थी। SIR की 166 दिनों की प्रक्रिया में कुल 2.05 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए। मसौदा सूची से अंतिम सूची तक 84 लाख 28 हजार 767 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है।

इस दौरान लोगों ने नाम जोड़ने के लिए 86.69 लाख फॉर्म-6 और नाम कटवाने के लिए 3.18 लाख फॉर्म-7 भरे। साथ ही, जिनके नाम माता-पिता या दादा-दादी आदि से मैच नहीं कर रहे थे, उन्हें नोटिस जारी किए गए थे।

लिंग अनुपात में सुधार

अंतिम सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 है। लिंग अनुपात 834 (प्रति 1000 पुरुष) पहुंच गया है, जो पहले से 10 अंक बेहतर है।

UP SIR: किन जिलों में सबसे ज्यादा वृद्धि

प्रयागराज जिले में मतदाताओं की संख्या में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई है। अंतिम सूची के अनुसार 3 लाख 29 हजार 421 नए मतदाता जुड़े। इसके बाद लखनऊ  में 2 लाख 85 हजार 961, बरेली में 2 लाख 57 हजार 920, गाजियाबाद में 2 लाख 43 हजार 666 और जौनपुर में 2 लाख 37 हजार 590 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन लोगों का नाम सूची में छूट गया है, वे फॉर्म-6 भरकर आसानी से शामिल हो सकते हैं। मतदाता सूची को और अधिक स्वच्छ और सटीक बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया था, जिसमें सभी 75 जिलों, 403 विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर गहन सत्यापन हुआ।



Source link

Share This Article
Leave a Comment