

नैनीताल । नगर के शेर का डांडा वार्ड के सभासद अंकित चंद्रा ने नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल एवं अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा को ज्ञापन देकर अपने वार्ड में विकास कार्य न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के बावजूद उनके वार्ड में कोई प्रमुख कार्य नहीं हो पाया है, जबकि क्षेत्रफल की दृष्टि से यह सबसे बड़ा वार्ड है।
उन्होंने अवगत कराया कि वार्ड में सड़क निर्माण, रेलिंग, सीढ़ियां एवं प्रकाश व्यवस्था हेतु लगभग 20 विद्युत पोल सहित कई कार्य लंबित हैं। साथ ही यह क्षेत्र वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है, जिसके लिए सुरक्षा एवं अन्य कार्यों हेतु लगभग 20 लाख रुपये के बजट की आवश्यकता है। सभासद ने कहा कि नगर पालिका द्वारा पार्किंग एवं चुंगी की निविदाओं से करोड़ों की आय होने जा रही है, इसके बावजूद उनके वार्ड की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर विकास कार्य प्रारंभ नहीं किए गए तो वे पालिका के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।


