
पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चाईबासा–रांची मुख्य मार्ग स्थित एनएच-75 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार लोहरदा गांव की रहने वाली सुमित्रा जामुदा रविवार सुबह करीब सात बजे सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट लग गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने महिला को गंभीर हालत में एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भेजा। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने चाईबासा-रांची मार्ग स्थित एनएच-75 को जाम कर दिया और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करती रहीं।
करीब दो घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा हुआ था।


