रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा (Rajya Sabha) के लिए फूलो देवी नेताम और लक्ष्मी वर्मा निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। दोनों उम्मीदवारों के खिलाफ कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं होने के कारण उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के तहत 9 मार्च तक नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि दोनों उम्मीदवारों के सामने कोई मुकाबला नहीं है। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने औपचारिक रूप से उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी।
कांग्रेस की उम्मीदवार राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और भारतीय जनता पार्टी समर्थित लक्ष्मी वर्मा के निर्विरोध राज्यसभा पहुंचने से पार्टी खेमे में खुशी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से इन दोनों उम्मीदवारों की जीत पहले से ही लगभग तय मानी जा रही थी। भाजपा के 54 विधायक हैं जबकि कांग्रेस के 35 विधायक हैं। राज्यसभा के लिए एक उम्मीदवार को 31 विधायकों के वोट की जरूरत होती, जिसकी वजह से दोनों अब निर्विरोध चुन ली गई हैं।
अब दोनों के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही दोनों नेता संसद के उच्च सदन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।


