धान भिगोने की शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित
06-Mar-2026 11:59 AM
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
रायपुर, 6 मार्च। आरंग विकासखंड के भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में धान के स्टैक को पानी से भिगोने संबंधी शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया । समिति को तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त विनय शुक्ला के नेतृत्व में सुमित डडसेना (सहकारिता विस्तार अधिकारी) एवं अशोक साहू (सहकारिता निरीक्षक) का संयुक्त जांच दल घटनास्थल पर पहुँच कर खरीदी केंद्र में रखे धान के स्टैक, भंडारण व्यवस्था तथा संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रहा है। साथ ही ग्रामीणों से भी जानकारी लेकर पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों के हितों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


