बस्तर से सरगुजा तक BSNL को हर गांव तक पहुंचाने के निर्देश

NFA@0298
2 Min Read



सांसद  अग्रवाल की अध्यक्षता में BSNL सलाहकार समिति की  बैठक 5G,  पंचायतों तक नेटवर्क विस्तार पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 फरवरी  ।  सांसद  बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता  में मंगलवार को राजधानी  में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की दूरसंचार सलाहकार समिति की एक  बैठक हुई। 

 अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि BSNL की सेवाएं केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहें, बल्कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश के हर गांव और हर घर तक निर्बाध रूप से पहुँचें। उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जहां नेटवर्क की समस्या है वहाँ त्वरित सुधार करने तथा टावरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी नेटवर्क सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। साथ ही, छत्तीसगढ़ में शीघ्र 5G सेवा प्रारंभ करने  पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बैठक में निजी संचार कंपनियों की तुलना में BSNL की अपेक्षाकृत महंगी टैरिफ दरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि BSNL भारत सरकार का उपक्रम है और इसकी सेवाएं लाभ नहीं, बल्कि जनसेवा के उद्देश्य से संचालित हैं, ऐसे में टैरिफ दरें आम नागरिकों के लिए सुलभ और प्रतिस्पर्धी होना आवश्यक है। 

सांसद श्री अग्रवाल ने स्वान (SWAN) और नोफा (NOFA) योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर सभी पंचायतों और गांवों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने का निर्देश दिया। 

बैठक में सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, पूर्व विधायक  कुलदीप जुनेजा, महाप्रबंधक  पी.के. मरकाम, समिति के सभी सदस्य जब्बार डग्गली,  राजेश कुमार शर्मा  सुभाष प्रसाद साव,  जसकरण सिंह राणा, सुनील भवाल,  अश्विनी कुमार राजपूत,  कमलेश शर्मा,  पवन सिंघानिया,  श्याम सुंदर अग्रवाल,  प्रेम बिरनानी,  कृष्ण कुमार अवधिया, श्रीमती अपर्णा फ्रांसिस  एवं BSNL के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने सभी से समन्वय और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आह्वान किया।



Source link

Share This Article
Leave a Comment