रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित उर्मिला अस्पताल (Urmila Hospital) में एक मरीज की मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतक राम चरण वर्मा के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक के बेटे राजकुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि उनके पिता पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने तीन बार ऑपरेशन किया।
परिजनों का कहना है कि पहला ऑपरेशन सफल नहीं रहा और अंदर लीकेज की बात कही गई। इसके बाद दोबारा ऑपरेशन किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बाद में गले का भी ऑपरेशन किया गया, फिर भी मरीज की हालत बिगड़ती चली गई और ढाई महीने तक भर्ती रहने के बाद उनकी मौत हो गई।
राजकुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर करीब 18 लाख रुपये खर्च कराए गए। उनका कहना है कि ‘लेजर ऑपरेशन’ बताकर ‘सीजर ऑपरेशन’ किया गया।
आयुष्मान कार्ड से 2 लाख 71 हजार रुपये लिए गए, जबकि मेडिकल स्टोर से दवाइयों के नाम पर 15 लाख रुपये से अधिक का बिल बनाया गया, जिसमें से 10 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा 3 लाख रुपये टेस्ट, ब्लड और अन्य जांच के नाम पर अलग से वसूले गए।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर 5 लाख रुपये से अधिक नगद भी लिया गया और अब 5 लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं।
राजकुमार वर्मा ने कहा, ‘मेरे पिताजी की मौत नहीं, हत्या हुई है। आयुष्मान योजना में पैसा नहीं लगता, फिर भी लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं।’ उन्होंने बताया कि पहले भी उन्होंने शासन-प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन केवल जांच का आश्वासन मिला।
घटना के बाद परिजनों के साथ कांग्रेस, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश की। परिजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से शिकायत कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।

