कोरबा। CG CRIME NEWS : जिले में सोमवार को एक घर में हृदयविदारक घटना हुई, पति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसे बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना बालको थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, फुलजेन तिर्की अपनी पत्नी गीता तिर्की पर शक करता था। दोनों के बीच सोमवार सुबह इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर गुस्साए फुलजेन ने पास रखे डंडे से गीता पर ताबड़तोड़ वार किए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण गीता की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। महिला के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

आरोपी फुलजेन और उसका बड़ा बेटा रविवार को गोवा से घर लौटे थे। वे गोवा में एक निजी कंपनी में काम करते थे, जबकि गीता अपने छोटे बेटे के साथ मुड़धुवा गांव में रहती थी।
एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पत्नी के चरित्र पर शक किया था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।


