कौशाम्बी। जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरब शरीरा गांव में शनिवार की सुबह एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के भीतर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।पुलिस सूत्रों के अनुसार पूरब शरीरा गांव निवासी करन सिंह की पत्नी संगीता (42) लंबे समय से बीमारी के कारण मानसिक तनाव में रहती थी। शनिवार की सुबह उन्होंने घर के अंदर लाइसेंसी राइफल से स्वयं को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पश्चिम शरीरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन भी किया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

