
वलसाड। वलसाड जिले के वापी स्थित वाइब्रेंट इंडस्ट्रियल पार्क की एक कंपनी में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की आठ गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार वापी हाई-वे पर स्थित वाइब्रेंट इंडस्ट्रियल पार्क में मौजूद कंपनी में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। आग की वजह से पार्क में स्थित अन्य कंपनियों, वर्कशॉप, ऑफिस और दुकानों में काम कर रहे कर्मचारियों में भी भय का माहौल फैल गया और सभी को बाहर निकाल दिया गया।
इस हादसे में दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग की सूचना मिलते ही वापी नगर पालिका, जीआईडीसी और नोटिफाइड क्षेत्र की फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मी आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वापी पुलिस ने बताया कि फायर विभाग के साथ मिलकर टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि आग लगने का कारण एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

