
फर्रुखाबाद । फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के इटावा–बरेली हाईवे स्थित एक खाली प्लॉट में रविवार को नवजात शिशु का शव मिला। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली के अपराध निरीक्षक तेज सिंह ने बताया कि यूपी डाॅयल 112 पुलिस को खाली प्लाॅट में एक नवजात शिशु के शव पड़े हाेने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
नवजात शिशु बालक था और पूर्ण विकसित प्रतीत हो रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि गर्भावस्था की अवधि लगभग नौ माह की रही होगी। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि शिशु का जन्म कुछ ही घंटे पहले हुआ था, जिसके बाद उसे यहां लाकर छोड़ दिया गया।
काेतवाल ने बताया कि शव काे पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात शिशु के शव को किसने और किन परिस्थितियों में यहां लाकर छोड़ा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

