
इसके उपरांत जमुनहा ब्लॉक में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी यदुनाथ यादव के आवास पर ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत ग्राम रोजगार सेवकों एवं मनरेगा कर्मियों के बीच एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में मनरेगा योजना की वर्तमान स्थिति, मजदूरों के रोजगार, भुगतान में देरी तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर गंभीर चर्चा की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता इकबाल अहमद (PCC) एवं विजय प्रताप सिंह (PCC) ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय संविधान गरीब, किसान और मजदूरों के अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियों से लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों की जीवनरेखा है और इसे कमजोर करना मजदूरों के सम्मान व रोज़गार पर सीधा हमला है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं सभा को संबोधित करते हुए मनरेगा प्रभारी अमन पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में मनरेगा के तहत मजदूरों को न तो समय पर रोजगार मिल रहा है और न ही मेहनत का पूरा भुगतान। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर बजट में कटौती कर मनरेगा को समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। अमन पांडेय ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा मजदूरों, ग्राम रोजगार सेवकों और कर्मियों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में मो. असलम खान (जिला उपाध्यक्ष), चंद्रपाल सिंह यादव अली अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्राम रोजगार सेवक एवं मनरेगा कर्मी उपस्थित रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष विद्यामणि त्रिपाठी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

