
बरेली। सेंट्रल यूपी चैम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी सभा गुरुवार रात को सिविल लाइंस स्थित होटल ओबेरॉय आनंद में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, वार्षिक लेखा-जोखा और नए सदस्यों की सदस्यता समेत कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई।
सभा की शुरुआत संस्था अध्यक्ष राजीव सिंघल और सचिव अल्पित अग्रवाल ने सदस्यों के स्वागत के साथ की। सचिव ने पिछली कार्यकारिणी बैठक के कार्यवृत्त से सदस्यों को अवगत कराया। इस दौरान कुछ नए सदस्यों को संस्था की सदस्यता भी दिलाई गई, जिसका सभी ने स्वागत किया। बैठक में वर्ष 2025 की बैलेंस शीट और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
अध्यक्ष राजीव सिंघल ने बताया कि आगामी 2 फरवरी को यूनियन बजट-2026 पर परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 8 फरवरी को चैम्बर ऑफ कामर्स और प्रशासन के बीच पारंपरिक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच आयोजित होगा। वहीं, 1 मार्च को सदस्यों के लिए भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किए जाने का भी निर्णय लिया गया। सभी सदस्यों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया।
बैठक में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार का सदस्य निर्वाचित होने पर राजेंद्र गुप्ता का फूल मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने संगठन के प्रति आभार जताते हुए व्यापारियों से एकजुट होकर उद्योग और व्यापार के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष राजीव सिंघल और सचिव अल्पित अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में पूर्व अध्यक्ष किशोर कटरू, दिनेश गोयल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

