चिकित्सकीय लापरवाही से गई जान….धमधा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डॉक्टर-प्रबंधक सलाखों के पीछे

NFA@0298
3 Min Read


धमधा। चिकित्सकीय लापरवाही के कारण महिला की मृत्यु के मामले में धमधा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रेया अस्पताल एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर, धमधा के प्रबंधक एवं एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 106(1), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चिरज वर्मा द्वारा थाना धमधा में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आवेदन में उल्लेख किया गया कि दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को रात्रि लगभग 10 बजे उनकी माता पदमाबाई वर्मा (57 वर्ष) घर के आंगन में गिर गई थीं, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई और वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गईं।
दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को उपचार हेतु उन्हें श्रेया अस्पताल एण्ड डायग्नोस्टिक सेंटर, धमधा में भर्ती कराया गया, जहाँ दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को उनके पैर का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के अगले दिन 14 अक्टूबर 2025 को उनकी हालत अचानक बिगड़ गई तथा सांस तेज चलने लगी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
श्रेया अस्पताल के स्टाफ एवं एम्बुलेंस के माध्यम से पदमाबाई वर्मा को शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज को बिना उनकी सहमति के रेफर किया गया तथा रेफर करते समय एम्बुलेंस में न तो समुचित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध थी और न ही किसी डॉक्टर की मौजूदगी थी। परिजनों के अनुसार इसी लापरवाही के कारण रास्ते में ही महिला की मृत्यु हो गई।
मामले की जांच में यह तथ्य सामने आया कि अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित डॉक्टर द्वारा उपेक्षापूर्ण एवं लापरवाहीपूर्ण चिकित्सकीय कार्य किया गया, जिससे मरीज की मृत्यु हुई। इसके आधार पर थाना धमधा में अपराध धारा 106(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी —
मनीष राजपूत, पिता रामसिंह राजपूत, उम्र 42 वर्ष
निवासी – ग्राम भरनी, जिला दुर्ग
(प्रबंधक, श्रेया अस्पताल धमधा)
डॉ. अभिषेक पाण्डेय, पिता अनिल कुमार पाण्डेय
निवासी – मॉडल भिलाई, चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment