रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग ने अंततः 94 क्लास 2 और 10 क्लास 1 चिकित्सा अधिकारियों की परिवीक्षा अवधि(प्रोबेशन) पूरी होने और उन्हें नियमित करने के आदेश जारी कर दिए।विभाग के सूत्रों के मुताबिक क्लास 2 के अभी भी करीब इतने या इससे ज्यादा डॉक्टर्स प्रोबेशन खत्म होने और नियमित होने का इंतजार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सिर्फ The lens ने इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाया था।
क्लास 1 चिकित्सा अधिकारियों की सूची यहां देखें–

सोमवार को जारी 94 चिकित्सा अधिकारियों की इस सूची में ऐसे डॉक्टर्स भी शामिल हैं जिन्होंने करीब दस साल पहले कार्यभार ग्रहण किया था और उनकी परिवीक्षा अवधि 2018 में समाप्त हो गई थी लेकिन विभाग ने कभी इनकी सुध नहीं ली।
ये डॉक्टर्स बरसों से परिवीक्षा अवधि पूरी होने के आदेश का इंतजार कर रहे थे लेकिन उनका आदेश विभाग की लाल फीतों वाली फाइलों में ही दबा हुआ था।
क्लास 2 डॉक्टर्स की सूची यहां देख सकते हैं –




बताते हैं कि ये डॉक्टर्स लगातार विभाग में बाबुओं से लेकर अफसरों तक के चक्कर काटते रहे लेकिन बाबूशाही के आगे बेबस थे।
शिकायतें तो यह भी थीं कि फाइलें सरकाने के नाम पर भ्रष्टाचार भी हुआ लेकिन इस दौरान केवल एक प्रभावशाली अफसर परिवार को उपकृत करने के लिए प्रोबेशन खत्म होने का आदेश निकला जिसमें मुश्किल से आधा दर्जन डॉक्टर्स के नाम शामिल थे।
इस सूची के बाद जब बाकी डॉक्टर्स ने विभाग के अफसरों से बात की तो उनके मामलों में दस्तावेजों की कमी बता कर उन्हें चलता कर दिया गया।
लेंस ने पिछले कुछ दिनों में इन चिकित्सा अधिकारियों की आवाज लगातार उठाई और तब जा कर अब क्लास 1 के 10 और क्लास 2 के 94 डॉक्टर्स का प्रोबेशन खत्म कर उन्हें नियमित कर देने का आदेश जारी किया गया है।
विभाग के सूत्र बताते हैं कि अभी भी करीब इतने ही डॉक्टर्स प्रोबेशन खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं।इसी तरह क्लास 1 के भी कई डॉक्टर्स को बरसों से नियमित होने का इंतजार है। इसका आधिकारिक आंकड़ा नहीं मिला है।
दिलचस्प यह है कि इस मामले में विभाग की ओर से कोई भी अफसर पक्ष रखने को तैयार नहीं हुआ।

