तिल-गुड़ की गजक:भारत में मकर संक्रांति के दिन को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने घरों में खिचड़ी, तिल-गुड़ के लड्डू, दही-चूड़ा जैसी चीजें बनाते हैं। इस बार आप तिल-गुड़ के लड्डू की जगह तिल और गुड़ की गजक बना सकते हैं। महज 30 से 40 मिनट में तिल-गुड़ की गजक बनाई जा सकती है। तिल-गुड़ की गजक बनाने के लिए आपको तीन चीजों की जरूरत पड़ेगी, हाफ किलो सफेद तिल, 200 ग्राम गुड़ और 2 स्पून घी।
पहला स्टेप- तिल और गुड़ के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले सफेद तिल को ड्राई रोस्ट कर लीजिए। जब तिल की हल्की खुशबू आने लगे, तब आप गैस बंद कर सकते हैं।
दूसरा स्टेप- इसके बाद रोस्टेड तिल को दरदरा पीस लीजिए। अब एक कड़ाही को गर्म कर इसमें घी निकाल लीजिए।
तीसरा स्टेप- घी में गुड़ के टुकड़े डालिए। गुड़ को तब तक पकाइए, जब तक ये अच्छी तरह से पिघल न जाए।
चौथा स्टेप- लगभग 4 से 5 मिनट तक गुड़ को पकाएं जिससे मिश्रण हल्का सा गाढ़ा हो जाए। इसके बाद आपको इस मिश्रण में रोस्टेड और दरदरे पिसे हुए तिल को अच्छी तरह से मिक्स कर लेना है।
पांचवां स्टेप- तिल-गुड़ के मिक्सचर को 2 मिनट तक पकाइए और फिर गैस बंद कर दीजिए। अब आपको इस मिश्रण को एल्युमिनियम फॉइल में निकाल लेना है।
छठा स्टेप- इस मिश्रण में 2 स्पून रोस्टेड तिल मिलाकर इसे अच्छे से गूंथ लीजिए। अब इसे आटे की एक बड़ी लोई की तरह बेल लीजिए।
सातवां स्टेप- मिश्रण को लगभग हाफ इंच मोटा बेलिए। अब चौकोर आकार में इस मिक्सचर को काट लीजिए।
मकर संक्रांति के त्यौहार के लिए तिल-गुड़ की गजक तैयार है। अब आप इसे सर्व कर इसका लुत्फ उठा सकते हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि आप तिल-गुड़ की गजक को एक से दो महीने तक किसी भी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके रख सकते हैं।


