दुर्ग| दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में झूठे विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल (41 वर्ष), निवासी अम्लेश्वर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की माता ने दिनांक 19 नवंबर 2025 को थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर पत्नी के रूप में अपने साथ रखा और बाद में जबरन अपने साथ ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामुल पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और नाम बदलकर अलग-अलग स्थानों पर लुक-छिपकर रहने लगा। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गीतपुरी, बलौदाबाजार क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक रामेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

