जोधपुर :जोधपुर के लूनी इलाके में युवती को भगा ले जाने के आरोपी युवक पर लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी। हमले के बाद आरोपी को लहूलुहान हालत में मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) आनंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि घायल युवक दिनेश बिश्नोई आठ दिन पहले पड़ोसी गांव की एक युवती को भगाकर ले गया था। पुलिस और ग्रामीणों के दबाव में उसने गुरुवार को युवती को छोड़ दिया था।
दिनेश एसयूवी वाहन से गांव पहुंचा, तभी ग्रामीणों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके वाहन में भी तोड़-फोड़ की गई। हमले में दिनेश के हाथ और पांव में फ्रैक्चर हो गया, जबकि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
एनडीपीएस और पोक्सो में वांटेड है आरोपी
थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि 26 दिसंबर को युवती के परिजनों ने दिनेश के खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि दिनेश एनडीपीएस एक्ट में पहले गिरफ्तार हो चुका है और पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया था। वह पोक्सो एक्ट का भी आरोपी है और जमानत पर रिहा होने के बाद कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।


