SWITZERLAND के मशहूर आल्पाइन स्की रिसॉर्ट क्रांस-मोंटाना में नए साल की रात एक बार में हुए विस्फोट ने उत्सव को त्रासदी में बदल दिया। स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ बार में अज्ञात कारणों से धमाका हुआ, जिसमें कई लोगों की जान गई और दर्जनों घायल हो गए। वालेस कैंटन पुलिस के प्रवक्ता गाएतान लाथियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में कई मौतें हुई हैं और कई लोग घायल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। विस्फोट स्थल और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ सबूत एकत्र कर रहे हैं, जबकि जांच जारी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें बार में आग की लपटें दिख रही हैं, लेकिन इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। क्रांस-मोंटाना स्विट्जरलैंड के दक्षिण-पश्चिमी वालेस क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख लग्जरी पर्यटन स्थल है, जहां सर्दियों में दुनिया भर से स्की प्रेमी और पर्यटक आते हैं। नए साल के मौके पर यहां बड़ी संख्या में लोग जश्न मना रहे थे, जिससे बार में काफी भीड़ थी।

