
पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। दबांकी पुलिया के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक नाबालिग किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में मृतक की पहचान पोटका पंचायत के भूमरी गांव निवासी 17 वर्षीय वासुदेव सरदार के रूप में हुई है। वहीं बाइक चला रहा 22 वर्षीय अमरेंद्र सरदार गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। दुर्घटना के दौरान वासुदेव के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी हालत तुरंत बिगड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने वासुदेव को मृत घोषित कर दिया। अमरेंद्र की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक जादूगोड़ा से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति के कारण बाइक संतुलन खो बैठी और हादसा हो गया। पोटका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

