शासकीय नवीन महाविद्यालय रिसाली के वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने दिनांक 28/11/2025 को औद्योगिक क्षेत्र सेल रिफैक्टरी यूनिट भिलाई (बी.आर.पी फैक्ट्री, मरोदा भिलाई) का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। यह शैक्षणिक भ्रमण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना के निर्देशन तथा वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नूतन कुमार देवांगन और विज्ञान संकाय के प्रो.सतीश कुमार गोटा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य एनईपी 2020 के पाठ्यक्रम अनुसार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक व विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उनके व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाना था। साथ ही उन्हें औद्योगिक उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण तथा आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सेल रिफैक्टरी यूनिट में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का अवलोकन किया एवं फैक्ट्री में कच्चे माल के चयन से लेकर अंतिम माल निर्माण तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यार्थियों को ज्ञात हुआ कि सेल रिफैक्टरी यूनिट सभी प्रकार की मूल और सिलिका रिफ्रैक्टरियां (तापसह ईंटें) बनाती हैं। यह अपनी उच्च क्षमता के रोटरी भट्टे में चूना पत्थर का केल्सीनेशन भी करता है जिसका उपयोग भिलाई इस्पात संयंत्र लोहा और इस्पात बनाने के लिए करता है। साथ ही, उन्होंने कंपनी के प्रबंधन अधिकारियों से संवाद कर उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियाँ प्राप्त कीं।औद्योगिक भ्रमण के दौरान रिसाली महाविद्यालय से प्रो. लिनेन्द्र कुमार वर्मा, प्रो. ममता, श्री सुखनंदन साहू और 40 से अधिक की संख्या मे विद्यार्थी शामिल रहे।

रिसाली महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना ने वाणिज्य विभाग एवं विज्ञान विभाग को इस सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण छात्रों को उद्योग जगत की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।

