दक्षिणी दिल्ली संगम विहार इलाके में 3 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 4 की मौत

NFA@0298
3 Min Read



नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में संगम विहार के तिगड़ी एक्सटेंशन के मंगल बाजार इलाके में शनिवार शाम एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। दमकल की चार गाड़ियों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक हादसे में मारे गए लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिए गए हैं। मृतकों की पहचान मकान मालिक सतेंद्र गुप्ता (38), और इनकी बहन अनीता (38) के तौर पर हुई है, जबकि दो अन्यों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। दोनों ही शव बहुत ही बुरी तरह से जली हुई अवस्था में मिले हैं। उनके बारे में यह तक पता नहीं चल पाया है कि वे पुरुष हैं या महिलाएं। ये दोनों ही शव दमकल कर्मियों को आग बुझाने के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान जूते की दुकान से मिले हैं। जिस तीन मंजिला इमारत में आग लगी उसके नीचे एक जूते की दुकान थी।

माना जा रहा है कि आग यहीं से शुरू हुई और पहली मंजिल तक फैल गई। आशंका है कि दुकान में आग लगने के बाद दो लोग अंदर की तरफ फंस गए थे, उन्हें जान बचाकर भागने के लिए मौका तक नहीं मिला। वहीं हादसे में सतेंद्र की भाभी ममता गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सूत्रों की मानें तो ममता जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे कूद गई थी। जिसकी वजह से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

डीसीपी अंकित चौहान ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6.27 बजे संगम विहार तिगड़ी एक्सटेंशन मंगल बाजार रोड पर एक जूते की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तिकड़ी थाने का स्टाफ, दमकल कर्मी व कैट्स एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।

दमकल अधिकारी ने बताया कि चार गाड़ियों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने कैट एंबुलेंस की मदद से तीन लोगों मकान मालिक सतेंद्र गुप्ता, इनकी भाभी ममता और किरायेदार अनीता को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने सतेंद्र और अनीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि ममता का उपचार जारी है। वहीं, फायर फाइटर्स ने आग बुझने के बाद जब दुकान में सर्च ऑपरेशन चलाया वहां से दो शव बुरी तरह से जले हुए मिले। इनकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

डीसीपी ने बताया कि तिगड़ी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। क्राइम और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment