मैहर-चित्रकूट में आज से शुरू होगी पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा

NFA@0298
3 Min Read



सतना । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अनूठी पहल पर मध्य प्रदेश में हवाई पर्यटन के क्षेत्र में एक गौरवशाली अध्याय आरंभ किया गया है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ कर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का संचालन 20 नवम्बर से शुरू हो गया है। सतना के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल चित्रकूट और मैहर जिले के प्रसिद्ध मां शारदा शक्तिपीठ मैहर से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का विधिवत शुभारंभ आज सोमवार से हो रहा है। इसके तहत मैहर से प्रातः 9 बजे ओर चित्रकूट से प्रातः 9.50 बजे हेलीकॉप्टर सेवा की पहली उड़ान होगी।

सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि निर्धारित सेक्टर के शेडयूल के अनुसार सप्ताह में दो दिन सोमवार, मंगलवार को मैहर और चित्रकूट के लिए पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का संचालन होगा। जबलपुर से प्रातः 8 बजे से उड़ान प्रारंभ होकर 9 बजे मैहर पहुचेगी। मैहर में 9.10 बजे रवाना होकर 9.40 बजे चित्रकूट पहुचेगी। चित्रकूट से उसी दिन 9.50 बजे रवाना होकर 10.20 बजे मैहर और मैहर से 10.30 बजे रवाना होकर 11.30 बजे जबलपुर वापस पहुचेगी। हेलीकॉप्टर में 6 व्यक्ति सवार हो सकेंगे। मैहर से चित्रकूट का किराया 2500 रुपये, मैहर से जबलपुर का किराया 5000 रुपये और चित्रकूट से जबलपुर का किराया 7500 रुपये प्रति व्यक्ति होगा। यात्रा के लिए https//www.flyola.in और https//airirctc.co.in/flyola पर विजिट कर टिकट बुक कराई जा सकती है।

मैहर जिले में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा और सतना जिले के चित्रकूट में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का आज पहले दिन उत्साहपूर्वक परंपरागत स्वागत किया जायेगा। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने चित्रकूट और कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने मैहर में हेली पर्यटन सेवा के सुचारू संचालन के संबंध में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। मैहर में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का संचालन सर्किट हाउस मंदिर रोड के पीछे स्थापित हेलीपैड और सतना जिले के चित्रकूट में आरोग्यधाम स्थित हेलीपैड से किया जायेगा। सतना और मैहर जिले में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अब नियमित संचालन होने से मध्य प्रदेश के पर्यटन को एक नई दिशा मिलेगी।



Source link

Share This Article
Leave a Comment