5वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले गड़बड़ी! गणित का प्रश्नपत्र नहीं पहुंचा, बाकी पेपर थानों में जमा, अब सीधे केंद्रों में पहुंचाए  जाएंगे पेपर

NFA@0298
2 Min Read


रायपुर। प्रदेश में सोमवार से शुरू होने वाली कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा (5th Board Exam) से ठीक पहले बड़ी प्रशासनिक गड़बड़ी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक परीक्षा के लिए छपे प्रश्नपत्रों में गणित का पेपर समय पर उपलब्ध नहीं हो पाया, जिसके कारण रविवार को रायपुर में गणित छोड़ बाकी विषयों के प्रश्नपत्र ही वितरित किए गए। अब गणित का प्रश्नपत्र सीधे परीक्षा केंद्रों में पहुंचेंगे, जिससे पर्चा लीक होने का खतरा बढ़ गया है।

बताया जा रहा है कि जिन विषयों के प्रश्नपत्र पहुंचे हैं उन्हें सामान्य प्रक्रिया के तहत संबंधित थानों में जमा करा दिया गया है, लेकिन गणित का प्रश्नपत्र पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं होने से उसे वितरण में शामिल नहीं किया जा सका।

सूत्रों के अनुसार जब गणित के प्रश्नपत्र बाद में पहुंचेंगे तो उन्हें थानों में रखने के बजाय सीधे स्कूलों में रखने के मौखिक निर्देश दिए गए हैं। इसे लेकर शिक्षकों और प्रशासनिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं।

आमतौर पर परीक्षा के प्रश्नपत्रों को सुरक्षा के लिहाज से परीक्षा शुरू होने तक थानों में रखा जाता है, ताकि उनकी गोपनीयता बनी रहे। लेकिन गणित के प्रश्नपत्र सीधे स्कूलों में रखने की बात सामने आने से पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

परीक्षा से पहले लंबा समय मिलने के बावजूद गणित का प्रश्नपत्र पूरी तरह छपकर तैयार न होना शिक्षा व्यवस्था में बड़ी अनियमितता को बयां कर रहा है। पर्चा लीक होने के खतरों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: राजधानी में 14-15 मार्च को इंटरनेशनल रूमेटोलॉजी कॉन्फ्रेंस, देशभर से 450 डॉक्टर होंगे शामिल



Source link

Share This Article
Leave a Comment