उज्जैन। जिले के बड़नगर क्षेत्र के ग्राम झालरिया में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां 3 साल का मासूम भागीरथ बोरवेल में गिरने के बाद जिंदगी की जंग हार गया। बच्चे को बचाने के लिए प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने करीब 22 घंटे तक लगातार प्रयास किए, लेकिन आखिरकार उसे बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला भागीरथ अपने परिवार के साथ भेड़ चराने के लिए उज्जैन आया हुआ था। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे परिवार के लोग काम में व्यस्त थे, तभी खेलते-खेलते मासूम खुले पड़े बोरवेल के पास पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोरवेल में झांकने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहराई में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने अभियान शुरू किया। बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति पर नजर रखी गई। सीसीटीवी के जरिए उसे करीब 75 फीट की गहराई पर लोकेट किया गया था।
करीब 22 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में टीमों ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




