दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी बिना वैध वीजा या यात्रा दस्तावेजों के राजधानी में रह रहे थे। यह कार्रवाई बाहरी जिला पुलिस द्वारा वैध वीजा के बिना रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध विदेशियों की पहचान और उनके निर्वासन के लिए वर्ष 2025 से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे 548 विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इन सभी विदेशी नागरिकों को उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) द्वारा जारी निर्वासन आदेशों के अनुसार हिरासत केंद्रों में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशियों की पहचान और उनके निर्वासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े किसी भी खतरे को रोका जा सके।



