महासमुंद जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोडा थाना क्षेत्र में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में डोडा पोस्त (अफीम पोस्त) बरामद किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक HR46 F 4848 को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1432 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। उनकी पहचान हरविंदर सिंह (40 वर्ष) और सत्यवान वाल्मीकि (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी करनाल जिला के शांति नगर के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे झारखंड के मुलमुला क्षेत्र से डोडा पोस्त लोड कर ओडिशा होते हुए रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है।




