गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कहा कि प्रस्तावित कामाख्या रोपवे प्रोजेक्ट राज्य में धार्मिक पर्यटन को नई गति देगा और देश के प्रमुख शक्ति पीठों में शामिल कामाख्या मंदिर तक पहुंच को और आसान बनाएगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ₹213 करोड़ की लागत वाला यह रोपवे प्रोजेक्ट पहले ही मंजूर हो चुका है और जल्द ही इस पर काम शुरू किया जाएगा।
सीएम सरमा ने कहा कि यह रोपवे शक्ति पीठ कामाख्या मंदिर और गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा को सुगम बनाएगा। इससे न केवल तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को एक वैकल्पिक और सुविधाजनक मार्ग मिलेगा, बल्कि नीलाचल पहाड़ी की संकरी सड़कों पर ट्रैफिक और भीड़भाड़ भी कम होगी।
यह रोपवे प्रोजेक्ट ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे स्थित नीलाचल पहाड़ी पर बने कामाख्या मंदिर तक सुरक्षित, इको-फ्रेंडली और कुशल परिवहन सुविधा प्रदान करेगा। खास तौर पर सीनियर सिटिज़न्स और बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह एक बड़ी राहत साबित होगा।




