हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में लगातार चार दिन तक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसे देखते हुए कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है।
राज्य के शिमला सहित 17 स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि चार स्थानों पर पारा माइनस में चला गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में रात का तापमान माइनस 10.0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बरठीं, हमीरपुर और मंडी में भी शीतलहर दर्ज की गई है। फिलहाल आज राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में मौसम साफ बना हुआ है।
इस दिन से शुरू होगी बारिश-बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 22 जनवरी की रात से 24 जनवरी की सुबह तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। 25 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
20 और 21 जनवरी को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। 22 और 26 जनवरी को राज्य के कई स्थानों पर जबकि 23 जनवरी को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। 24 जनवरी को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।




