रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था।
दोनों ने अलग-अलग डिजाइन के जेवर दिखाने को कहा और इसी दौरान मौका पाकर काउंटर में रखे सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। कुछ देर बाद दुकान संचालक को चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की और घेराबंदी कर महज चार घंटे के भीतर महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।




