कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, चांदी की कीमत 1,800 रुपये (करीब 1 प्रतिशत) गिरकर 2,45,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इससे पहले शुक्रवार को चांदी 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी मामूली नरमी देखने को मिली। सोना 300 रुपये टूटकर 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,55,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। हाजिर चांदी की कीमत 2.09 प्रतिशत गिरकर 74.31 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि हाजिर सोना 25.92 डॉलर टूटकर 4,722.26 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।




