सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट को लेकर लगाए जा रहे तमाम अनुमान गलत साबित होते नजर आ रहे हैं। दोनों कीमती धातुएं लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को बाजार खुलते ही चांदी में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। एक किलो चांदी की कीमत इतिहास में पहली बार तीन लाख रुपये के पार पहुंच गई। 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ चांदी ₹3,01,315 प्रति किलो के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर जा पहुंची।
वहीं सोना भी पीछे नहीं रहा। एमसीएक्स पर फरवरी वायदा सोना पिछले शुक्रवार को ₹1,42,517 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार को कारोबार शुरू होते ही इसमें तेज उछाल आया और यह ₹1,45,500 प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यानी एक ही कारोबारी सत्र में सोने की कीमत में करीब ₹2,983 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।



