पाटन। उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेलूद में भाजपा नेता एवं पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सेलूद के बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में एक पेड़ पर उनका शव लटका हुआ मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना उतई पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
