[ad_1]
कबीरधाम। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर ग्राम सेमरिया में प्रदेश स्तरीय भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक भावना बोहरा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण संतोष कौशिक ने प्रस्तुत किया। समाज की ओर से मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के त्याग, बलिदान एवं वीरता पर प्रकाश डालते हुए समाज के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित किया तथा प्रदेशभर में समाज के विकास हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
प्रमुख मांगों में कबीरधाम जिले में 50 डिसमिल भूमि एवं 50 लाख रुपये की स्वीकृति, नया रायपुर में एक एकड़ भूमि एक रुपये के दर पर प्रदान करने, रायपुर जिला अस्पताल का नामकरण वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर करने तथा “वीरांगना अवंती बाई लोधी कल्याण बोर्ड” के गठन की मांग शामिल रही।

इसके अतिरिक्त ग्राम गोछिया (जिला कबीरधाम) में नवीन महाविद्यालय का नाम वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर स्वीकृत करने, ग्राम सेमरिया में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने, ग्राम मुसरा (तहसील डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव) में बजट में स्वीकृत नवीन महाविद्यालय का नामकरण वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर करने की मांग रखी गई।
साथ ही ग्राम सेमरिया में यज्ञशाला स्ट्रक्चर निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की मांग, तथा वीरांगना अवंती बाई लोधी महाविद्यालय रामाटोला को पुनर्जीवित करने के लिए राजनीतिक विज्ञान विषय में एक पद सृजन एवं वार्षिक अनुदान पुनः प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में लोधी समाज के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए समाज को बधाई दी तथा उनके गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लोधी समाज को संगठित, अनुशासित एवं नशामुक्त समाज बताते हुए इसे देश का अग्रणी समाज कहा। वहीं विधायक भावना बोहरा ने समाज के लोगों की मेहनत, ईमानदारी एवं समर्पण की प्रशंसा की। सभी अतिथियों ने एक स्वर में समाज की मांगों का समर्थन किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जयप्रकाश लोधी ने किया एवं आभार प्रदर्शन कृष्ण कुमार सिंगौर ने किया। कार्यक्रम में गिरवर जंघेल, कोमल जंघेल, भारत वर्मा, कमलेश्वर वर्मा, डॉ. अशोक वर्मा, जीवन कौशिक, विष्णु लोधी, विमल पटेल, सुरेश सिंगौर, दशमत जंघेल, जगदीश वर्मा, जागेश्वरी वर्मा, पीला राम कौशिक, रामफल कौशिक, आजू कौशिक, अधीन जंघेल, चैन दास जंघेल, लक्ष्य, विश्वनाथ राजपूत, मोहिंदर, भूपेंद्र चंदेल, राजेन्द्र चंद्रवंशी, कैलाश चंद्रवंशी, ज्योति जंघेल, लक्ष्मी जंघेल, अदिति कश्यप, उषा कौशिक, बनऊ वर्मा, गोविंद पटेल, उत्तम चंद जंघेल, जमुना प्रसाद वर्मा, तेज शंकर जंघेल, संजू कौशिक, राजेश कौशिक, दीपक जंघेल, मनहरण कौशिक, रुपेश कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने समाज की एकता एवं विकास पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि उनका परीक्षण कर जो भी कार्य संभव होंगे, उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने समाज के प्रतिनिधिमंडल से शीघ्र ही विस्तृत चर्चा करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए कबीरधाम जिले में 50 डिसमिल भूमि एवं 50 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही ग्राम सेमरिया में मिनी स्टेडियम निर्माण एवं यज्ञशाला स्ट्रक्चर के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण व्याप्त हो गया।
समारोह के दौरान वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया तथा कबीरधाम जिले में अन्य 6 स्थानों पर भी प्रतिमा अनावरण किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से लोधी समाज के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
[ad_2]
Source link